Fatehabad News | सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी : मुंडन करवाकर जताया विरोध | मांगें पूरी होने तक आंदोलन का ऐलान

प्रदेशभर में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच फतेहाबाद में भी कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। नगर परिषद परिसर में सफाई कर्मचारियों ने धरना दिया और अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कर्मचारियों ने स्टेट कमेटी के आह्वान पर विरोध का अलग तरीका अपनाते हुए मुंडन करवाकर रोष जताया। कर्मचारी नेताओं के अनुसार प्रदेशभर में जिला स्तर पर कर्मचारी मुंडन करवाकर सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

फतेहाबाद में सफाई कर्मचारियों के साथ फायर ब्रिगेड के कर्मचारी और सर्व कर्मचारी संघ से जुड़े सदस्य भी प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान कई कर्मचारियों ने मुंडन करवाया और सरकार से उनकी लंबित मांगों पर जल्द फैसला लेने की मांग की।
कर्मचारी नेता सतबीर सिंह ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं निकला है। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान कई कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किए जा रहे हैं। सतबीर सिंह ने कहा कि कर्मचारी मुकदमों से पीछे हटने वाले नहीं हैं और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने सरकार से बातचीत के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि मांगों को लेकर राज्य स्तर पर चल रहे आंदोलन के तहत आगे भी स्टेट कमेटी के निर्णय के अनुसार प्रदर्शन किए जाएंगे।
Editor: शिवानी राजपूत



