Nuh News | अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौत : पैदल लौट रहे थे घर | वाहन चालक की तलाश

होडल-नूंह रोड पर मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में रायपुरी गांव निवासी 45 वर्षीय ट्रक चालक जमशेद की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब जमशेद ट्रक को पार्किंग में खड़ा करने के बाद पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार जमशेद पुत्र हाजी रसीद करीब एक महीने पहले चेतक कंपनी में ट्रक चालक के रूप में काम करने गए थे। मंगलवार रात अपना काम पूरा करने के बाद उन्होंने ट्रक को निर्धारित पार्किंग में खड़ा किया और वहां से पैदल रायपुरी स्थित अपने घर के लिए निकल गए।

होडल-नूंह रोड पर रास्ते में एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से चला गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की जानकारी रायपुरी गांव के बस अड्डे पर मौजूद लोगों को दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए नूंह की मोर्चरी में रखवाया।

ग्रामीणों के अनुसार जमशेद मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके परिवार में छह बेटे और दो बेटियां हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
सदर थाना नूंह प्रभारी परवीन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई थी। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के सामने अब हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने की चुनौती है। शिकायत मिलने और जांच आगे बढ़ने के बाद हादसे से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।
Editor: शिवानी राजपूत



