Faridabad News | दूध सप्लाई करने जा रहे युवक पर हमला : एक आरोपी गिरफ्तार | पुरानी कहासुनी की रंजिश का आरोप

तिगांव थाना क्षेत्र में दूध सप्लाई के लिए जा रहे एक युवक पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बल्ला मोहल्ला, तिगांव निवासी अभिषेक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार तिगांव निवासी यश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दूध सप्लाई का काम करता है। 26 अगस्त को वह दूध सप्लाई करने के लिए अपने घर से केएलजी सोसाइटी की तरफ जा रहा था।
शिकायत के मुताबिक जब वह सदपुरा-तिगांव रेलवे अंडरपास के पास पहुंचा तो वहां तीन मोटरसाइकिलों पर करीब छह युवक मौजूद थे। आरोप है कि युवकों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में शुभम उर्फ हरिया, गौरव, अभिषेक, देव, नितिन उर्फ निक्का और सौरभ के नाम बताए गए हैं। शिकायत के आधार पर तिगांव थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अभिषेक और उसके साथियों की पीड़ित के साथ कुछ समय पहले कहासुनी हुई थी। पुलिस के अनुसार इसी पुरानी रंजिश के चलते युवक को सदपुरा-तिगांव रेलवे अंडरपास के पास रोककर उसके साथ मारपीट करने का आरोप है।
मामले की जांच करते हुए तिगांव थाना पुलिस की टीम ने आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य नामजद आरोपियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।



