Faridabad News | पटवारी-कानूनगो ने खत्म की हड़ताल : मंत्री विपुल गोयल से हुई मुलाकात | ज्ञापन सौंपकर रखीं मांगें

फरीदाबाद। हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात के बाद पटवारी एवं कानूनगो ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा और उनके समाधान की मांग रखी।
पटवारी एवं कानूनगो प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री विपुल गोयल के सामने राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों में आ रही समस्याओं सहित कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को विस्तार से रखा। बातचीत के बाद प्रतिनिधिमंडल ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत और आपसी समन्वय के माध्यम से किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पटवारी और कानूनगो राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। भूमि रिकॉर्ड, इंतकाल, जमाबंदी और गिरदावरी सहित कई महत्वपूर्ण सेवाएं सीधे आम लोगों से जुड़ी हैं। हड़ताल के कारण इन सेवाओं में व्यवधान आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विपुल गोयल ने पटवारी एवं कानूनगो की ओर से हड़ताल समाप्त करने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में उठाई गई मांगों को संबंधित विभाग और अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा तथा नियमानुसार समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मंत्री ने कर्मचारियों से अपने कार्यों पर लौटकर आमजन से जुड़े राजस्व मामलों का जल्द निपटारा सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनसेवा से जुड़े कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।
पटवारी एवं कानूनगो प्रतिनिधिमंडल ने भी उनकी मांगों को सुनने और सकारात्मक पहल का आश्वासन देने पर मंत्री विपुल गोयल का आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपने के साथ अपनी हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।



