Faridabad News | इंस्टाग्राम गिफ्ट के नाम पर 47,200 की ठगी : दुबई में खाता उपलब्ध कराने वाला गिरफ्तार | नागौर से आरोपी काबू

इंस्टाग्राम पर जन्मदिन के गिफ्ट का संदेश भेजकर महिला से 47,200 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर दुबई में बैठे साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल (22), निवासी जालंधर, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पर्वतीय कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत में बताया कि 12 जुलाई 2026 को उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर जन्मदिन के अवसर पर गिफ्ट भेजने का संदेश आया था। अगले दिन व्हाट्सऐप कॉल के जरिए आरोपी ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट पर मौजूद बताकर गिफ्ट छुड़ाने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवाए।

शिकायतकर्ता ने अपने और अपने पति के बैंक खातों से 12 और 13 जुलाई को कुल 47,200 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद न तो उसे कोई पार्सल मिला और न ही कथित ठगों ने दोबारा संपर्क किया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार साइबर थाना एनआईटी की टीम ने साहिल को 13 सितंबर को राजस्थान के नागौर से गिरफ्तार किया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के अनुसार सामने आया कि साहिल ने खाताधारक अरुण का बैंक खाता केशव से लेकर व्हाट्सऐप के माध्यम से दुबई में बैठे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस के मुताबिक साहिल दुबई के एक कॉल सेंटर में काम करता था, जहां उसकी मुलाकात केशव से हुई थी। साहिल को करीब चार महीने पहले दुबई से डिपोर्ट किया गया था।
पुलिस के अनुसार इस मामले में खाताधारक अरुण और केशव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। साहिल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में साइबर ठगी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
Editor: गरिमा बागोतिया



