Faridabad News | साइबर ठगी के 4 मामलों में 7 आरोपी गिरफ्तार : निवेश के नाम पर लाखों की ठगी | क्रेडिट कार्ड से निकाले पैसे | APK फाइल से भी लगाया चूना

साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना बल्लभगढ़ और साइबर थाना NIT की टीमों ने चार अलग-अलग मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये मामले शेयर मार्केट में निवेश, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और APK फाइल के जरिए ठगी से जुड़े हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य लोगों की भूमिका का पता लगा रही है।
पहले मामले में जुलाई 2026 में साइबर थाना बल्लभगढ़ में 6.76 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता को फेसबुक के जरिए शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया था। झांसे में आकर उसने अलग-अलग माध्यमों से 6.76 लाख रुपये निवेश कर दिए, जिसके बाद उसे ठगी का पता चला।
इस मामले में पुलिस ने सोनीपत निवासी जयकिशन और अलवर निवासी शुभम गुप्ता को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ खाताधारक सचिन को ठगी की रकम खाते में आने तक दिल्ली में अपने पास ठहराया था। सचिन को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जयकिशन और शुभम को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दूसरा मामला क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर 2 लाख 32 हजार 647 रुपये की ठगी से जुड़ा है। शिकायतकर्ता को लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी भरवाई गई थी, जिसके बाद उसके कार्ड से रकम कट गई। इस मामले में पुलिस ने दिल्ली निवासी हिमांशु फुलारा और दिनकर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार दिनकर के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 25 हजार रुपये आए थे, जबकि हिमांशु पर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध करवाने का आरोप है। दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
तीसरे मामले में दिसंबर 2025 में एक स्कूल के बैंक खाते से 15 लाख 34 हजार 699 रुपये निकाल लिए गए थे। शिकायत के मुताबिक स्कूल के अकाउंटेंट के मोबाइल पर ट्रांजेक्शन के OTP और खाते से पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हुए थे। मामला पानी का बिल भरने के नाम पर भेजी गई APK फाइल से जुड़ा बताया गया है।
इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी निवासी रामशंकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वह CSC सेंटर चलाता है और उसके सेंटर के वॉलेट खाते में ठगी की रकम में से दो लाख रुपये आए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
चौथा मामला शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 9.66 लाख रुपये की ठगी का है। साइबर थाना NIT की टीम ने इस मामले में दिल्ली निवासी एक महिला और नितिन को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दोनों पर पहले गिरफ्तार किए गए खाताधारक राहुल और वैधवर्मन के बैंक खाते आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी खातों में आई ठगी की रकम निकलवाकर आगे पहुंचाने का काम करते थे। दोनों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब चारों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका और साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जांच कर रही है।
Slug: faridabad-cyber-fraud-four-cases-seven-accused-arrested



