Faridabad News | एप डाउनलोड करते ही खाते से कटे 95 हजार : खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार | साइबर थाना बल्लभगढ़ की कार्रवाई

फरीदाबाद में ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बैंक खाता उपलब्ध करवाने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विपिन निवासी गांव बाबूगढ़ छावनी, जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक एक खाताधारक तथा तीन खाता उपलब्ध करवाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, भाटिया कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी पीड़ित ने शिकायत दी थी कि उसने 30 नवंबर 2025 को अपने मोबाइल फोन में Fam App डाउनलोड किया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 50 हजार रुपये, 40 हजार रुपये और 5 हजार रुपये निकाले गए। इस तरह उसके खाते से कुल 95 हजार रुपये कट गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बैंक खाता उपलब्ध करवाने वाले आरोपी विपिन को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विपिन ने खाताधारक दिपांशु का बैंक खाता रजत के माध्यम से प्राप्त किया था और इसे साइबर ठगों तक पहुंचाया था। पुलिस के अनुसार, इसी खाते में ठगी की 95 हजार रुपये की रकम प्राप्त हुई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विपिन हापुड़ में डिलीवरी बॉय का काम करता है। पूछताछ के दौरान बैंक खाते को साइबर ठगों तक पहुंचाने से संबंधित जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी विपिन को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है।
Editor: गरिमा बागोतिया



