Faridabad News | ऐप डाउनलोड करने के बाद खाते से कटे 95 हजार रुपये : साइबर ठगी में खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार | तीन ट्रांजेक्शन में निकली रकम

फरीदाबाद के साइबर थाना बल्लभगढ़ क्षेत्र में ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम वाले खाते को उपलब्ध कराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजत राठी निवासी गांव पौंडरी, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार भाटिया कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने 30 नवंबर 2025 को अपने मोबाइल फोन में Fam App डाउनलोड किया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 95 हजार रुपये निकल गए। खाते से 50 हजार, 40 हजार और 5 हजार रुपये की रकम काटी गई।

शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। साइबर थाना टीम ने जांच आगे बढ़ाते हुए रजत राठी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रजत ने दिपांशु नामक खाताधारक का बैंक खाता पियुष से लेकर आगे उपलब्ध कराया था। इसी खाते में साइबर ठगी की 95 हजार रुपये की रकम पहुंची थी। पुलिस के अनुसार रजत और पियुष दोनों पहले नोएडा में एक साथ काम करते थे। वर्तमान में रजत नोएडा में टैक्सी चलाने का काम करता है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खाते को आगे किसे उपलब्ध कराया गया था और साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में उसके साथ और कौन लोग शामिल हैं। मामले में अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
Editor: गरिमा बागोतिया



