Faridabad News | हार्ट अटैक के बाद चौकीदार की बची जान : पुलिसकर्मियों ने तत्काल दिया CPR | DCP ने किया सम्मानित

लघु सचिवालय बल्लभगढ़ में ड्यूटी के दौरान अचानक अचेत हुए चौकीदार भीम सिंह को वहां तैनात दो पुलिसकर्मियों ने तत्काल CPR देकर प्राथमिक सहायता दी। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार समय पर सहायता और चिकित्सा उपचार मिलने से उनकी जान बच सकी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 5 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे लघु सचिवालय बल्लभगढ़ स्थित SDM कार्यालय में तैनात चौकीदार भीम सिंह को अचानक हार्ट अटैक आया और वह अचेत हो गए। उस समय वहां ड्यूटी पर तैनात EHC रविंद्र और CT योगेंद्र ने तत्काल उनकी सहायता शुरू की।
दोनों पुलिसकर्मियों ने मौके पर भीम सिंह को CPR दिया और एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के बाद उनकी स्थिति संभली। पुलिस विभाग ने दोनों पुलिसकर्मियों की तत्परता और सूझबूझ की सराहना की है।
DCP बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने EHC रविंद्र और CT योगेंद्र को उनके कार्य के लिए सम्मानित किया। दोनों को Class-III और नकद रिवॉर्ड देकर प्रोत्साहित किया गया।
DCP प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ जरूरत के समय लोगों की सहायता करना भी है। उन्होंने कहा कि दोनों पुलिसकर्मियों ने समय पर सहायता देकर कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है।
Editor: शिवानी राजपूत



