Faridabad News | हत्या के प्रयास में 2 साल बाद गिरफ्तारी : 5 हजार का इनामी आरोपी काबू | राजस्थान से पकड़ा

थाना भूपानी क्षेत्र में वर्ष 2024 में एक युवक पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने करीब दो साल बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गणेश गांव खंडेला, सीकर, राजस्थान का रहने वाला है और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसे राजस्थान स्थित उसके गांव से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव खंडेला, सीकर निवासी गिरधारी लाल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका बेटा शीशराम फरीदाबाद के गांव भूपानी क्षेत्र में टाइल-पत्थर लगाने का काम करता था। 27 मार्च 2024 को शीशराम अपने साथी गणेश के साथ काम करने के लिए भूपानी आया था।
शिकायत के मुताबिक 30 मार्च 2024 की रात गणेश और शीशराम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद गणेश ने शीशराम के साथ मारपीट की और उसके सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। घायल शीशराम को कमरे में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया था। शिकायत के आधार पर थाना भूपानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने के कारण गणेश पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश की। पुलिस ने 27 अगस्त 2026 को गणेश को उसके गांव खंडेला, जिला सीकर, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गणेश पीड़ित शीशराम के साथ टाइल-पत्थर लगाने का काम करने के लिए भूपानी आया था। पुलिस के अनुसार 30 मार्च 2024 को दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर शीशराम के सिर पर पत्थर से वार कर दिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी शीशराम को मृत समझकर मौके से फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने आसपास के क्षेत्र में छिपकर रह रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार प्रयास कर रही थी और आखिरकार अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने उसे राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।



