Bhiwani News | महिला कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस : मेजर ध्यानचंद को दी श्रद्धांजलि | छात्राओं ने खेलों में दिखाई प्रतिभा | विजेताओं को मिलेगा सम्मान

राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में शनिवार को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राध्यापकों और छात्राओं ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ की। उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
देशभर में हर वर्ष 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई जाती है। भारतीय हॉकी में उनके योगदान और खेल भावना से युवा पीढ़ी को प्रेरित करने के उद्देश्य से विभिन्न शिक्षण संस्थानों में खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर राजेश लांग्यान ने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल उत्सव आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि खेल छात्राओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने छात्राओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी करने और खेल को करियर के विकल्प के रूप में भी देखने के लिए प्रेरित किया। प्रोफेसर लांग्यान ने समाज से बेटियों को शिक्षा के साथ खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. मीनू, कॉमर्स विभाग से सीमा बोहरा और भौतिकी विभाग से सोनम ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। प्राध्यापकों ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
महाविद्यालय परिसर में 50 मीटर दौड़, पिट्ठू, रस्साकशी, रस्सी कूद और टेबल टेनिस सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने उत्साह के साथ इन मुकाबलों में भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को महाविद्यालय प्रशासन की ओर से पदक और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां नियमित पढ़ाई के साथ छात्राओं में नई ऊर्जा और खेल भावना विकसित करने में सहायक होती हैं।



