Bhiwani News | 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान : भाजपा नेताओं ने साझा की रूपरेखा | 17 अक्टूबर तक चलेंगे जनसेवा के कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा उनके सार्वजनिक जीवन और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का विशेष सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ चलाया जाएगा। अभियान को लेकर सोमवार को भिवानी में भाजपा पदाधिकारियों ने संयुक्त पत्रकार वार्ता कर इसकी रूपरेखा और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी।
भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने बताया कि अभियान के दौरान पूरे महीने विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि अभियान की तैयारियों के तहत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने सामाजिक संगठनों के साथ वर्चुअल संवाद कर समाज सेवा के कार्यों में उनकी सहभागिता का आह्वान किया है। भिवानी जिले की कई सामाजिक संस्थाओं ने अभियान में भाग लेने और अलग-अलग सेवा प्रकल्पों को अपनाकर सेवा कार्यों को गति देने का आश्वासन दिया है।

भाजपा जिला प्रवक्ता विनोद चावला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, अंत्योदय की सोच और सुशासन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसके माध्यम से शहरों और गांवों में सामाजिक संस्थाओं तथा आमजन को जोड़ते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याण का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
भाजपा जिला महामंत्री रेखा राघव ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन व्यक्तिगत उत्सव के बजाय सेवा भाव के साथ मनाया जाता है। अभियान के तहत स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, रक्तदान, पौधरोपण, गौ-सेवा, निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार सहित 12 प्रमुख सेवा प्रकल्प चलाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती को भी सेवा कार्यक्रमों के रूप में समर्पित किया जाएगा। भाजपा नेताओं ने सामाजिक संस्थाओं और आमजन से इन सेवा गतिविधियों में सहयोग और सहभागिता की अपील की।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, जिला प्रवक्ता विनोद चावला और जिला महामंत्री रेखा राघव ने अभियान से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
Editor: गरिमा बागोतिया



