Chandigarh News | गिरते लिंगानुपात पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा : छह महीने में 923 से 900 होने का दावा | राव नरेंद्र सिंह ने उठाए सवाल

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश में गिरते लिंगानुपात को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने विधानसभा में पेश आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि वर्ष 2025 में जन्म के समय प्रदेश का लिंगानुपात 923 था, जो जून 2026 में घटकर 900 रह गया। उन्होंने इसे चिंताजनक बताते हुए सरकार से जवाब मांगा है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में हरियाणा से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की शुरुआत की थी। इसके बावजूद प्रदेश में बेटियों के जन्म का अनुपात गिरना सरकार की नीतियों और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उनका दावा है कि मौजूदा लिंगानुपात करीब आठ वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है।
उन्होंने विधानसभा में पेश जिलावार आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि चरखी दादरी में लिंगानुपात 913 से घटकर 829, पानीपत में 951 से 880, पंचकूला में 971 से 903, जींद में 918 से 878 और अंबाला में 926 से घटकर 884 रह गया।
राव नरेंद्र सिंह के अनुसार जून 2026 के आंकड़ों में महेंद्रगढ़ का लिंगानुपात 869 तथा गुरुग्राम और झज्जर का 871-871 रहा। वहीं करनाल में 945, पलवल में 930, फरीदाबाद में 920, नूंह में 918 और फतेहाबाद में 917 दर्ज किया गया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार की ओर से PCPNDT और MTP एक्ट के तहत 1,422 FIR दर्ज किए जाने के आंकड़े का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए कार्रवाई और जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं, तो लिंगानुपात में गिरावट क्यों दर्ज हो रही है। उन्होंने सरकार से निगरानी व्यवस्था और जिलावार की गई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
राव नरेंद्र सिंह ने हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में रिक्त पदों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि आयोग में छह सदस्यों के पद 15 दिसंबर 2025 से खाली हैं। उनके अनुसार अध्यक्ष का पद 28 अप्रैल 2026 से भर दिया गया, लेकिन छह सदस्य पद अभी भी रिक्त हैं।
उन्होंने सरकार से गिरते लिंगानुपात वाले जिलों में विशेष निगरानी अभियान चलाने, PCPNDT कानून को प्रभावी तरीके से लागू करने और बाल अधिकार संरक्षण आयोग के रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ‘बेटी बचाओ’ अभियान को केवल प्रचार तक सीमित रखने के बजाय जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से विधानसभा में सामने आए आंकड़ों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। ये आरोप और आंकड़ों की व्याख्या कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की ओर से की गई है।
Editor: न्यूज़ डेस्क



