Satnali News | नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम : युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश | ग्रामीणों ने लिया संकल्प

सतनाली। नशामुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को सतनाली स्थित जमुवाय माता मंदिर में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महेंद्रगढ़ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
जिला महेंद्रगढ़ से पहुंची नशामुक्त भारत अभियान की टीम ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

इंस्पेक्टर शारदा देवी ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके भविष्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक कार्यों में लगाकर देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान केवल पुलिस या प्रशासन तक सीमित नहीं रह सकता। अभिभावकों, युवाओं और ग्रामीणों सहित समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से ही गांवों और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
इंस्पेक्टर शारदा देवी ने ग्रामीणों से अपने आसपास के लोगों को नशे के नुकसान के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवार और समाज को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
अभियान टीम ने युवाओं को नशे से बचाव और जागरूकता से जुड़ी जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में युवाओं और ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि धर्मवीर गोठवाल, भंवर सिंह शेखावत, राजेंद्र नंबरदार, समाजसेवी दीवान सिंह शेखावत, पवन पंच, भूदेव मिश्रा, नरेश शेखावत, राजवीर प्रेमी, डॉ. वेदप्रकाश यादव और संदीप चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Editor: न्यूज़ डेस्क



