Narnaul News | वाहन स्क्रेपिंग नीति की समीक्षा : DC ने रखी प्रगति रिपोर्ट | जिले में जागरूकता अभियान जारी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर हरियाणा में वाहन स्क्रेपिंग नीति यानी परिवर्तन योजना को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक की। महेंद्रगढ़ जिले की ओर से उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बैठक में हिस्सा लेकर जिले की प्रगति रिपोर्ट रखी।
बैठक में केंद्रीय अधिकारियों ने जिलावार योजना की प्रगति की जानकारी ली। समीक्षा के बाद डीसी अनुपमा अंजली ने बताया कि जिले में वाहन मालिकों, स्कूल संचालकों और ट्रक यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्क्रेपिंग नीति की जानकारी दी गई है। अब योजना पर और तेजी से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वाहन स्क्रेपिंग नीति का उद्देश्य पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को चरणबद्ध तरीके से बदलने के लिए वाहन मालिकों को प्रोत्साहित करना है। इसके तहत पुराने वाहनों के स्थान पर नई तकनीक और कम प्रदूषण वाले वाहनों को अपनाने पर जोर दिया जा रहा है।
डीसी के अनुसार बीएस-वन से बीएस-फोर श्रेणी के पुराने ट्रक और बसों के स्थान पर बीएस-सिक्स या इलेक्ट्रिक वाहन लेने पर पात्र वाहन मालिकों को नीति के तहत विभिन्न सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत वाहन कर में छूट, पंजीकरण शुल्क में राहत, ऋण के ब्याज पर सब्सिडी और वाहन निर्माता कंपनी की ओर से निर्धारित छूट सहित विभिन्न लाभ दिए जाने का प्रावधान है। पुराना वाहन अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्र में जमा कराने पर पात्रता के अनुसार आर्थिक सहायता या ईंधन वाउचर का लाभ भी मिल सकता है।
योजना का लाभ लेने के लिए पुराने वाहन को अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्र में जमा कराना आवश्यक बताया गया है। आवेदन एवं इससे जुड़ी प्रक्रिया परिवहन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पूरी की जाती है।
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि जिले में योजना को लेकर जागरूकता अभियान जारी रहेगा, ताकि पात्र वाहन मालिकों तक इसकी जानकारी पहुंचे और वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपलब्ध लाभ उठा सकें।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान आरटीए मनोज कुमार और जीएम रोडवेज देवदत्त सहित संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



