Narnaul News | बाजारों में महिलाओं से दुर्व्यवहार पर होगी कार्रवाई : दुकानदारों को पुलिस ने दी हिदायत | ग्राहकों से शालीन व्यवहार पर जोर

बाजारों में महिलाओं और आम लोगों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए महेंद्रगढ़ पुलिस ने दुकानदारों और व्यापारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देश पर महिला थाना पुलिस टीम ने पुरानी कचहरी क्षेत्र में दुकानदारों को महिलाओं और ग्राहकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के लिए जागरूक किया।
महिला थाना पुलिस टीम ने दुकानदारों को बताया कि किसी महिला ग्राहक या बाजार से गुजर रही महिला के साथ अभद्र व्यवहार, जबरदस्ती, अशोभनीय टिप्पणी या किसी भी तरह का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने दुकानदारों से कहा कि वे अपनी दुकानों पर कार्यरत कर्मचारियों के व्यवहार की भी जिम्मेदारी लें। ग्राहकों को दुकान की ओर आकर्षित करने के लिए लगाए गए किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति द्वारा महिला अथवा दूसरे ग्राहकों के साथ जबरदस्ती या अभद्र व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने संदेश दिया कि व्यापार में ग्राहक का सम्मान सर्वोपरि है और ग्राहक को भगवान के समान माना जाता है। प्रत्येक व्यापारी की जिम्मेदारी है कि दुकान पर आने वाले सभी ग्राहकों, विशेषकर महिलाओं, के साथ सम्मानजनक और शालीन व्यवहार सुनिश्चित करे।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी दुकानदार, कर्मचारी या दुकान से जुड़े व्यक्ति द्वारा महिला अथवा अन्य ग्राहक के साथ दुर्व्यवहार या जबरदस्ती करने की शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिम्मेदारी सामने आने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने महिलाओं और आम लोगों से भी अपील की है कि बाजार में कोई व्यक्ति उनके साथ दुर्व्यवहार या जबरदस्ती करता है तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। शिकायत मिलने पर पुलिस की ओर से नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि बाजारों में व्यापारिक गतिविधियों के साथ महिलाओं और प्रत्येक ग्राहक की गरिमा, सुरक्षा एवं सम्मान बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से पुलिस टीम दुकानदारों को जागरूक कर रही है।



