Narnaul News | अनाज मंडी का किया निरीक्षण : बाजरे की सरकारी खरीद जल्द शुरू करने की मांग | कम आवक पर जताई चिंता

नारनौल। भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिला प्रधान अजीत सिंह ने 11 सितंबर को नारनौल अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी की स्थिति का जायजा लिया और मार्केट कमेटी के सचिव से मुलाकात कर बाजरे की सरकारी खरीद जल्द शुरू कराने की मांग रखी।
अजीत सिंह ने कहा कि निरीक्षण के दौरान मंडी में अधिकतर दुकानें बंद मिलीं। उन्होंने दावा किया कि मंडी में आने वाला ज्यादातर माल बाहर निजी मिलों में जा रहा है, जिसके कारण अनाज मंडी में आवक काफी कम हो गई है। इससे मंडी के दुकानदारों और आढ़तियों के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि मंडी में आवक की यही स्थिति बनी रही तो यहां कारोबार करने वाले दुकानदारों के सामने परेशानी बढ़ सकती है। किसान यूनियन ने प्रशासन से बाजरे की सरकारी खरीद प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने की सुविधा मिले और मंडी में भी आवक बढ़ सके।
इस दौरान वीरेंद्र सिंह नारनौल तहसील प्रधान, रवि यादव जिला सेक्रेटरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि बाजरे की खरीद शुरू होने से किसानों के साथ आढ़तियों को भी राहत मिलेगी।
Editor: नितिन यादव



