Narnaul News | ITI में NCC कैडेट्स का नामांकन : सैकड़ों विद्यार्थियों ने लिया भाग | परीक्षा के आधार पर होगा चयन

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के नए सत्र के लिए कैडेट्स का नामांकन कार्यक्रम आयोजित किया गया। चयन प्रक्रिया में संस्थान के प्रथम और द्वितीय वर्ष के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों के चयन के लिए शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा आयोजित की गई।
नामांकन प्रक्रिया 16 हरियाणा बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल संदीप कुमार के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई। संस्थान के एनसीसी अधिकारी मेजर वीरेंद्र कुमार सेकवाल और लेफ्टिनेंट भारत भूषण की देखरेख में पूरी चयन प्रक्रिया कराई गई।

एनसीसी कैडेट बनने के इच्छुक विद्यार्थियों की शारीरिक दक्षता जांचने के लिए दौड़ सहित विभिन्न शारीरिक अभ्यास कराए गए। इनके माध्यम से अभ्यर्थियों की फिटनेस का आकलन किया गया। चयन प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के साथ अभ्यर्थियों के लिए लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई। इसमें सामान्य ज्ञान, समसामयिक विषयों, भारतीय सेना और देशभक्ति से जुड़े बुनियादी प्रश्नों के आधार पर विद्यार्थियों की योग्यता और मानसिक क्षमता को परखा गया।
आयोजकों के अनुसार शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा सहित निर्धारित मापदंडों पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का अंतिम रूप से एनसीसी कैडेट के तौर पर चयन किया जाएगा।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य विनोद खनगवाल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, एकता, देशप्रेम और नेतृत्व क्षमता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में भी सहायक है। इससे युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने के साथ अनुशासन और नेतृत्व के गुण सीखने का अवसर मिलता है।
चयन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में सैन्य स्टाफ के सूबेदार मेजर दानाराम गुर्जर, सूबेदार अर्जुन सिंह, मनोज विद्युतकार (अनुदेशक), पीआई स्टाफ और संस्थान के सीनियर एनसीसी कैडेट्स ने सहयोग किया।
संस्थान में आयोजित नामांकन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में एनसीसी में शामिल होने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। अब निर्धारित चयन प्रक्रिया में सफल रहने वाले विद्यार्थियों को नए सत्र के लिए एनसीसी कैडेट के रूप में शामिल किया जाएगा।
Editor: शिवानी राजपूत



