Narnaul News | जन्माष्टमी समारोह में पहुंचीं आरती राव : यादव धर्मशाला को ₹21 लाख देने की घोषणा | गीता के संदेश पर दिया जोर
नारनौल। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की धरती से विश्व को मिला गीता का संदेश आज भी मानवता को सही मार्ग दिखा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री गुरुवार को यादव कल्याण सभा की ओर से आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम में पहुंचने पर सभा के पदाधिकारियों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने यादव धर्मशाला के विकास के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।

आरती सिंह राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है। इस संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्व का निर्वहन करना होगा। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं और गीता के संदेश को जीवन में अपनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार गीता के संदेश को आमजन तक पहुंचाने के लिए गीता महोत्सव का आयोजन करती है। इसके माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कार और भगवान श्रीकृष्ण के संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम का भी उल्लेख किया। उन्होंने स्वयं को उनकी विरासत का एक छोटा अंश बताते हुए कहा कि दक्षिण हरियाणा की धरती ने वीरता, स्वाभिमान और संघर्ष की मिसाल कायम की है। इस दौरान उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा और राव तुलाराम के नाम को लेकर सवाल उठाने वालों की आलोचना की।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का उल्लेख करते हुए आरती सिंह राव ने कहा कि वे अन्याय के खिलाफ अपनी बात मजबूती से रखते हैं। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, राव इंद्रजीत सिंह अपने विचार बेबाकी से सामने रखते आए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने की प्रक्रिया जारी है। सरकार का प्रयास गांव से लेकर शहर तक लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आवश्यक संसाधन और मानवबल उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मरीजों को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम के दौरान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाओं के साथ धार्मिक और सामाजिक विषयों पर भी चर्चा हुई। यादव कल्याण सभा के पदाधिकारियों एवं उपस्थित लोगों ने यादव धर्मशाला के विकास के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा पर स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताया।
Editor: नितिन यादव



