Mahendragarh News | संस्कृत सम्भाषण शिविर अभियान का शुभारम्भ : 21 शिविर लगाने का लक्ष्य | 12 सितम्बर तक चलेंगी कक्षाएं

महेंद्रगढ़। संस्कृत दिवस एवं संस्कृत सप्ताह के अवसर पर संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और इसे जन-जन की व्यवहार की भाषा बनाने के उद्देश्य से हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ में संस्कृत सम्भाषण शिविर अभियान का शुभारम्भ किया गया। स्वामी दयानन्द सरस्वती पीठ और संस्कृत भारती हरियाणा के महेंद्रगढ़ जनपद के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुआ यह अभियान 1 से 12 सितम्बर 2026 तक चलेगा।
अभियान के तहत प्रतिदिन दो घंटे की संस्कृत सम्भाषण कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रतिभागियों को सरल, सहज और व्यावहारिक पद्धति से संस्कृत बोलने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार अभियान का उद्देश्य संस्कृत को केवल शास्त्रों और पुस्तकों तक सीमित न रखते हुए आम लोगों के दैनिक व्यवहार से जोड़ना है।

उद्घाटन समारोह में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली के संस्कृत विभाग के प्रोफेसर डॉ. बृजेश कुमार पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृत भारती हरियाणा प्रांत के संपर्क प्रमुख अशोक बिचौली ने की। कार्यक्रम की संयोजिका एवं स्वामी दयानन्द सरस्वती पीठ की पीठाध्यक्षा डॉ. सुमन रानी ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया।
डॉ. सुमन रानी ने कहा कि संस्कृत भारत की ज्ञान परंपरा, संस्कृति और संस्कारों की महत्वपूर्ण भाषा है। संस्कृत को दोबारा जनसामान्य के व्यवहार से जोड़ने से भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने कहा कि संस्कृत सम्भाषण अभियान केवल भाषा सीखने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान और संस्कृति को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है।

अध्यक्षीय संबोधन में अशोक बिचौली ने संस्कृत सम्भाषण अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्कृत भारती और स्वामी दयानन्द सरस्वती पीठ संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार की दिशा में काम कर रहे हैं। इस तरह के शिविरों के माध्यम से संस्कृत को सरल रूप में समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा सकता है।
आयोजकों ने बताया कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में 1 से 12 सितम्बर तक नियमित संस्कृत सम्भाषण कक्षाएं लगेंगी। इसके अलावा महेंद्रगढ़ जनपद के साथ पूरे भिवानी विभाग में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। भिवानी विभाग में भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ जिले शामिल हैं।
अभियान के तहत भिवानी विभाग में करीब 21 संस्कृत सम्भाषण शिविर आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का समापन समारोह 13 सितम्बर को आयोजित किया जाएगा। इसमें अभियान की गतिविधियों और संस्कृत सम्भाषण कार्यक्रम में लोगों की सहभागिता की समीक्षा की जाएगी।
उद्घाटन कार्यक्रम के अंत में कल्याण मंत्र एवं शांतिपाठ किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार से डॉ. छात्रमल मीणा, डॉ. करण पलसानिया, डॉ. निलेश, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. सुमित, डॉ. कृष्ण, डॉ. अर्चना सहित शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शोधार्थी सुनीता व मोहित, संस्कृत विभाग के विद्यार्थी अम्बुज, चेतन, अमनदीप, साहिल, राहुल, खुशाल, मोनिका, कुमकुम, कोमल, नीरज, मनीषा, सुमन, रचना, चंचल, ऋतु, वर्षा, ममता, अनिता, प्रीति व मुकुल सहित अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया। सोनू सरपंच, राम सिंह गुर्जर,और सुरेंद्र सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।



