Kanina News | श्री श्याम मंदिर में मनाई श्रीकृष्ण की छठी : 1500 श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद | भक्तिमय रहा माहौल

कनीना। श्री श्याम मंदिर कनीना में बुधवार देर शाम भगवान श्रीकृष्ण की छठी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष आयोजन हुआ और दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को सेवक श्री श्याम मंडल की ओर से कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर प्रबंधन के अनुसार करीब 1500 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर के पुजारी प्रदीप शास्त्री ने बताया कि जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाने के बाद हिंदू परंपरा के अनुसार छठे दिन छठी मनाई जाती है। इसी परंपरा के तहत श्री श्याम मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की छठी का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से कढ़ी-चावल का प्रसाद तैयार किया गया। मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।
छठी के आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति के बीच मंदिर का माहौल भक्तिमय रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
Editor: नितिन यादव



