Kanina News | 132 KV सब स्टेशन में पौधरोपण अभियान : छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाए | पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरियाणा विद्युत प्रशासन निगम की ओर से प्रदेशभर में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्युत सब स्टेशनों में उपलब्ध खाली स्थानों पर छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 132 केवी सब स्टेशन कनीना में कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
132 केवी कनीना में कार्यरत जेई राम रतन शर्मा ने लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा, “सांसें हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगाएं हम” और “पेड़-पौधे मत करो नष्ट, सांस लेने में होगा कष्ट।” उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है।

राम रतन शर्मा ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार निगम की ओर से प्रदेशभर के विद्युत सब स्टेशनों में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए जा रहे हैं। इस अभियान को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों में भी उत्साह दिखाई दे रहा है।
पौधरोपण अभियान के तहत 400 केवी धनौंदा, 220 केवी महेंद्रगढ़, 132 केवी नंगल मोहनपुर, 132 केवी मुंडिया खेड़ा, 132 केवी पाली, 132 केवी अटेली, 220 केवी नारनौल और 220 केवी रेवाड़ी सहित प्रदेश के विभिन्न विद्युत सब स्टेशनों में पौधरोपण किया जा रहा है।

राम रतन शर्मा ने कहा कि स्वच्छ ऑक्सीजन मानव जीवन के साथ-साथ पशु-पक्षियों और सभी जीव-जंतुओं के लिए बेहद जरूरी है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
132 केवी कनीना में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में राम रतन शर्मा जेई, नरेश जीएसओ, रोहित जेई, राकेश एफएम, महेश एफएम, राजेश एसए, अंकित एएलएम और हरसेवक स्वीपर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



