Ateli News | सिहमा जन्माष्टमी मेले में अन्नी बाघोत ने जीती कुश्ती : गोलू नारनौल को हराया | खेल प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह

बाबा खेता नाथ की जन्मस्थली सिहमा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुश्ती, कबड्डी, वॉलीबॉल और दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 21 हजार रुपये की इनामी कुश्ती में अन्नी बाघोत ने गोलू नारनौल को हराकर जीत हासिल की।
मेले का शुभारंभ बाबा खेता नाथ मंदिर के महंत एतबार नाथ ने रिबन काटकर किया। दिनभर मंदिर में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और प्रसाद चढ़ाया। मेले में लगी विभिन्न दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही।

कुश्ती प्रतियोगिता मेले का प्रमुख आकर्षण रही। 21 हजार रुपये की इनामी कुश्ती में अन्नी बाघोत और गोलू नारनौल के बीच मुकाबला हुआ। इसमें अन्नी बाघोत ने गोलू को हराकर इनामी कुश्ती अपने नाम की। वहीं 11 हजार रुपये की कुश्ती में अभिषेक गनियार और प्रदीप के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा।
पुरुषों की 75 किलोग्राम भार वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में नांदल की टीम ने पहला और फौगाट की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

लड़कियों की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की टीम दूसरे, बाबा साध क्लब उचाना की टीम तीसरे और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की टीम चौथे स्थान पर रही। पुरुष ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस की टीम प्रथम और गुरुग्राम की टीम द्वितीय रही। बुजुर्गों की दौड़ भी मेले में आकर्षण का केंद्र रही।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिहमा पंचायत समिति चेयरमैन प्रतिनिधि राजकुमार शामिल हुए। मेला कमेटी और सरपंच प्रतिनिधि प्रमोद यादव ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
सरपंच सुमन देवी ने कहा कि सिहमा में हर वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मेले के साथ खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं और बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार किए जाने चाहिए। गांव की मेला कमेटी और ग्रामीणों के सहयोग से जन्माष्टमी मेले को हर वर्ष बेहतर तरीके से आयोजित करने का प्रयास किया जाता है।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच सुबे सिंह, पूर्व सरपंच नरेश यादव, सरपंच प्रतिनिधि प्रमोद यादव, राजेंद्र प्रसाद, अमीलाल ठेकेदार, बीरेंद्र सिंह प्रधान, सज्जन सिंह ठेकेदार, अनिरुद्ध ठेकेदार, ईश्वर पंच, देवेंद्र, विद्या रत्न, तेजपाल पंच, रविंद्र, सुनील, कृष्ण अवतार, अनिल, राजकुमार, समीर, सत्यप्रकाश, मनोज, रवि, विक्रम, खामपुरा सरपंच प्रतिनिधि इंद्रजीत, देवपाल और नीरज कुमार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



