Ateli News | अटाली स्कूल में पौधारोपण कार्यक्रम : एक पेड़ मां के नाम अभियान में लगाए पौधे | संरक्षण का लिया संकल्प

राजकीय माध्यमिक विद्यालय अटाली में बुधवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के अध्यापकों और विद्यार्थियों ने परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए तथा उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नारनौल निवासी समाजसेवी धर्मपाल चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय प्रशासन की ओर से उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर में अध्यापकों और विद्यार्थियों के साथ पौधारोपण किया गया।

धर्मपाल चौधरी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि पेड़ जीवन का आधार हैं। केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को लोगों को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल बताया।
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना जरूरी है। विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के मुख्य अध्यापक रतन सिंह, अध्यापक ओमप्रकाश खनगवाल, हरपाल सिंह, सुदेश कुमार, अग्नीवेश, रोशन लाल, रघुवीर सिंह, ममता देवी और संध्या यादव सहित समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। पौधारोपण को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
Editor: शिवानी राजपूत



