Yamunanagar News | एनीमिया मुक्त भारत अभियान की समीक्षा : SDM ने दिए जरूरी निर्देश | विभाग मिलकर करेंगे काम

व्यासपुर के एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व्यासपुर में एनीमिया मुक्त भारत अभियान को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई और इसे प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि एनीमिया विशेष रूप से बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्या है। इसकी रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ समय पर जांच, उपचार और आवश्यक पोषण उपलब्ध करवाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी तय करते हुए अभियान की गतिविधियों की नियमित समीक्षा करें।
एसडीएम ने अधिकारियों को विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं किशोर-किशोरियों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध करवाई जाएं तथा इनके नियमित सेवन को लेकर भी जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि केवल दवा उपलब्ध करवाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि लाभार्थी निर्धारित तरीके से उसका सेवन करें। इसके लिए संबंधित विभागों और फील्ड कर्मचारियों को नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
डॉ. कुलदीप सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी जाए। एनीमिया से संबंधित मामलों की नियमित निगरानी की जाए और आवश्यकता पड़ने पर गंभीर मामलों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाए।
एसडीएम ने कहा कि एनीमिया मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी संबंधित विभागों को गंभीरता से अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा के साथ जमीनी स्तर पर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एसएमओ व्यासपुर डॉ. शमा परवीन, नोडल अधिकारी डॉ. गुंजित सिंह, डेंटल सर्जन डॉ. सुनीता, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी किरण बाला, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन व्यासपुर के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, डॉ. मीरा, डॉ. अंकुश राय, डॉ. सिमरनजीत कौर, डॉ. मनीषा देवी, डॉ. सुनीता चौधरी, डॉ. सुविधा गिल, डॉ. आयुष, गुरुदेव, अनिल कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



