Yamunanagar News | शिवानी को मिला गोल्ड मेडल : यूनिवर्सिटी में हासिल किया पहला स्थान | UGC-NET भी किया उत्तीर्ण

गुरु नानक खालसा कॉलेज की एमए पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की छात्रा शिवानी को शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। शिवानी ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सत्र 2023-24 में एमए पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन किया था।
शिवानी ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए जनवरी 2026 में UGC-NET परीक्षा भी उत्तीर्ण की। कॉलेज प्रबंधन ने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान और नेट परीक्षा में सफलता हासिल करने पर शिवानी को बधाई दी।
कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष मेजर आरएस भट्टी, महासचिव सरदार बीएस बांगा और प्राचार्य डॉ. अरविंदर सिंह भल्ला ने शिवानी को गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
प्राचार्य डॉ. अरविंदर सिंह भल्ला ने कहा कि विद्यार्थियों की इस तरह की उपलब्धियां उनके परिश्रम और प्रतिभा को दर्शाती हैं। साथ ही यह पूरे महाविद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने शिवानी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उसकी सफलता दूसरे विद्यार्थियों को भी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. इकबाल सिंह, डॉ. बलजीत सिंह, डॉ. रॉबिन और डॉ. नेहा भी मौजूद रहे। विभाग के शिक्षकों ने शिवानी को उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार शिवानी का कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल करना और इसके बाद UGC-NET परीक्षा उत्तीर्ण करना महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उसकी सफलता को परिवार और शिक्षकों के साथ कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक बताया गया।



