Yamunanagar News | शहर के सौंदर्यीकरण को मिलेगी नई दिशा : आधुनिक परियोजनाओं का अध्ययन | मल्टीलेवल पार्किंग पर जोर

शहर के सौंदर्यीकरण और विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी ने दूसरे शहरों में विकसित आधुनिक परियोजनाओं का अध्ययन शुरू किया है। इसी कड़ी में मेयर सुमन बहमनी ने अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, निगम अधिकारियों और पार्षदों के साथ गुरुग्राम, दिल्ली और नोएडा का दौरा किया। टीम ने आधुनिक पार्किंग, पार्क, स्वीमिंग पूल, नगर निगम भवन और वेस्ट से बेस्ट की अवधारणा पर विकसित परियोजनाओं का जायजा लिया।
दौरे की शुरुआत गुरुग्राम से की गई। यहां पहुंचने पर नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने मेयर सुमन बहमनी और उनकी टीम का स्वागत किया। इसके बाद दोनों नगर निगमों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें गुरुग्राम में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों और आधुनिक परियोजनाओं के संबंध में जानकारी साझा की गई।

बैठक में अधिकारियों ने अलग-अलग परियोजनाओं की उपयोगिता, निर्माण प्रक्रिया और शहर के विकास में उनके योगदान के बारे में जानकारी दी। यमुनानगर-जगाधरी नगर निगम की टीम ने इन परियोजनाओं के संचालन और नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं का भी अध्ययन किया, ताकि उपयोगी मॉडल को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार अपनाने की संभावनाओं पर विचार किया जा सके।
इसके बाद मेयर सुमन बहमनी और टीम ने सदर बाजार महरौली रोड पर निर्माणाधीन गुरुग्राम नगर निगम के अत्याधुनिक भवन का दौरा किया। टीम ने भवन की डिजाइन, इसमें विकसित की जा रही सुविधाओं और आधुनिक व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी हासिल की।

नगर निगम की टीम ने गुरुग्राम में निर्माणाधीन स्वीमिंग पूल और मल्टीलेवल पार्किंग का भी निरीक्षण किया। विशेष रूप से मल्टीलेवल पार्किंग के जरिए सीमित स्थान में अधिक वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित करने की व्यवस्था को समझा गया। मेयर ने इस प्रकार की परियोजनाओं को यमुनानगर-जगाधरी में विकसित करने की दिशा में भी काम करने की बात कही।
टीम ने गुरुग्राम के वंडर पार्क का भी जायजा लिया। यहां विकसित की गई आकर्षक कलाकृतियों, मनोरंजन सुविधाओं और सौंदर्यीकरण के तरीके को देखा गया। अधिकारियों और पार्षदों ने पार्कों को अधिक आकर्षक बनाने के साथ नागरिकों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थान के रूप में विकसित करने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

गुरुग्राम के बाद नगर निगम की टीम दिल्ली पहुंची। यहां विभिन्न पार्कों का दौरा कर उनके रखरखाव, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के मॉडल का अध्ययन किया गया। टीम ने देखा कि उपलब्ध स्थान और संसाधनों का इस्तेमाल कर पार्कों को किस तरह बेहतर और आकर्षक बनाया गया है।
इसके बाद टीम ने नोएडा के जंगल पार्क का निरीक्षण किया। यहां वेस्ट सामग्री का इस्तेमाल कर हाथी, ऊंट, घोड़े और अन्य जंगली पशुओं की आकर्षक आकृतियां बनाई गई हैं। इन कलाकृतियों के माध्यम से वेस्ट से बेस्ट की अवधारणा को पार्क के सौंदर्यीकरण से जोड़ा गया है।

मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि गुरुग्राम, दिल्ली और नोएडा में देखी गई उपयोगी एवं आधुनिक परियोजनाओं का अध्ययन कर यमुनानगर-जगाधरी की जरूरतों के अनुसार संभावनाएं तलाशी जाएंगी। विशेष रूप से मल्टीलेवल पार्किंग सहित शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास शहर में उपलब्ध संसाधनों और स्थान का बेहतर उपयोग करते हुए नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करना है। दूसरे शहरों में सफलतापूर्वक चल रही परियोजनाओं का अध्ययन इसी उद्देश्य से किया गया है, ताकि स्थानीय स्तर पर उपयोगी योजनाओं को बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके।
दौरे के दौरान अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार, कनिष्ठ अभियंता अभिषेक व अरविंद, पार्षद रीना रस्तोगी, प्रियांक शर्मा, मनु सिंगला, रुचि शर्मा, मंजीत कौर, संदीप धीमान, दीक्षित धीमान और विक्रम राणा सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।



