Yamunanagar News | युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश : MLN कॉलेज में जागरूकता व्याख्यान | दुष्प्रभावों की दी जानकारी

मुकंद लाल नेशनल कॉलेज में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को नशा मुक्ति एवं नशा जागरूकता विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान, इसके सामाजिक प्रभाव और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन प्रहरी क्लब, एंटी ड्रग अवेयरनेस एवं एंटी टोबैको सेल, रेड क्रॉस क्लब, एनएसएस, एनसीसी और स्पोर्ट्स विभाग की ओर से संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में डॉ. महेश कुमार ने रिसोर्स पर्सन के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया।

डॉ. महेश कुमार ने युवाओं के नशे की ओर आकर्षित होने के विभिन्न कारणों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे का प्रभाव केवल संबंधित व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी इसका असर पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने आसपास के लोगों एवं साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में जागरूकता बढ़ाकर नशे की समस्या से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।
कॉलेज के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मनोहर गोयल ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए सभी आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसकी शिक्षा, करियर और जीवन को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए नशे से दूरी बनाकर रखनी चाहिए।
डॉ. मनोहर गोयल ने विद्यार्थियों से स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर डॉ. सविता गर्ग, डॉ. पूनम और डॉ. राहुल सिंह सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज में भी इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।



