Yamunanagar News | देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार : क्राइम ब्रांच-1 ने जुब्बल के पास पकड़ा | आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने एक युवक को देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत क्राइम ब्रांच-1 की टीम अवैध हथियारों से जुड़े मामलों पर कार्रवाई कर रही है।
क्राइम ब्रांच-1 के इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव जुब्बल के पास एक युवक कथित तौर पर अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद मुख्य सिपाही कमलदीप, अमित, संजीव और कमलदीप की टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
पुलिस के मुताबिक टीम ने गांव जुब्बल के पास एक युवक को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद होने का दावा किया गया। आरोपी की पहचान पुराना हमीदा निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंचार्ज राजकुमार ने कहा कि अवैध हथियारों से जुड़े मामलों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अवैध हथियार रखने या उनकी खरीद-फरोख्त से संबंधित कोई जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



