Vyaspur News | समाधान शिविर में सुनी जनसमस्या : एक शिकायत पहुंची | SDM ने दिए समाधान के निर्देश

व्यासपुर। एसडीएम कार्यालय व्यासपुर में गुरुवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल एक शिकायत प्राप्त हुई।
एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य आमजन की समस्याओं और शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से समाधान करना है।
उन्होंने बताया कि नागरिक परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पुलिस विभाग और पंचायती राज संस्थाओं सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें समाधान शिविर में रख सकते हैं।
एसडीएम ने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव होता है, उनका तत्काल निवारण करने का प्रयास किया जाता है। जिन मामलों में विभागीय जांच या अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी होती है, उन्हें संबंधित विभाग के पास भेजा जाता है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई कर शिकायतकर्ता को राहत उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
समाधान शिविर में नायब तहसीलदार रविंद्र कुमार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी शबनम रेहलान, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम से जेई रिंकल, पीडब्ल्यूडी विभाग से जेई जतिन, क्रिड विभाग से विनोद और मार्केट कमेटी व्यासपुर से रामकुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Editor: नितिन यादव



