Panchkula News | कष्ट निवारण समिति में 8 शिकायतों पर सुनवाई : मंत्री पंवार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश | राम रहीम की पैरोल पर दिया जवाब

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में हरियाणा लोक निर्माण विश्राम गृह सेक्टर-1 में जिला लोक कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल आठ शिकायतों पर सुनवाई की गई और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि बैठक में सभी आठ शिकायतों पर सुनवाई की गई है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से जुड़ी कोई भी शिकायत एक महीने से अधिक समय तक लंबित नहीं रहनी चाहिए। किसी अधिकारी के स्तर पर शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान नगर निगम से संबंधित करीब चार महीने से लंबित एक शिकायत का मामला भी सामने आया। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ निलंबन तक की कार्रवाई की जा सकती है।
मंत्री ने कहा कि अगली बैठक में भी शिकायत लेकर आने वाले लोगों के मामलों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है और इसमें अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दोबारा पैरोल मिलने से जुड़े सवाल पर मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि यह मामला हाईकोर्ट से संबंधित है। उन्होंने कहा कि वे पहले जेल मंत्री भी रह चुके हैं और पैरोल की प्रक्रिया से परिचित हैं। पैरोल से संबंधित प्रक्रिया न्यायालय के निर्देशों और निर्धारित नियमों के तहत होती है।
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर मंत्री ने कहा कि सत्र 27 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि मानसून सत्र पहले अक्टूबर में प्रस्तावित था, लेकिन इसे करीब एक महीने पहले बुलाने का निर्णय लिया गया।
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार रोजगार और विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है। सरकार का प्रयास प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाने और जनहित से जुड़े मुद्दों का समाधान करने का है।
बैठक में जिला महापौर श्याम लाल बंसल, कालका विधायक सत्यनारायण शर्मा, शिवालिक विकास बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश देवी नगर, उपायुक्त पंचकूला, डीसीपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



