Kurukshetra News | राजकीय सम्मान के साथ SHO कर्मवीर सिंह को अंतिम विदाई : बेटे सागर ने दी मुखाग्नि | पुलिस टुकड़ी ने दी सलामी | अंबाला SP समेत अधिकारी रहे मौजूद

कुरुक्षेत्र। अंबाला के नग्गल थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर कर्मवीर सिंह का सोमवार को उनके पैतृक गांव पिहोवा में रामगढ़ रोड स्थित निवास के पास राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। परिवार के सदस्यों, ग्रामीणों, रिश्तेदारों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। कर्मवीर सिंह की 29 अगस्त को नग्गल थाने में गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कर्मवीर सिंह के इकलौते बेटे सागर ने पिता को मुखाग्नि दी। सागर कनाडा में रहता है और पिता की मौत की सूचना मिलने के बाद गांव पहुंचा था। उनकी बेटी रवीना भी अंतिम संस्कार में शामिल हुई। परिवार में पत्नी रानी, बेटा सागर और बेटी रवीना हैं।

अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत भी कर्मवीर सिंह के पैतृक गांव पहुंचे। उन्होंने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को पुलिस विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
राजकीय सम्मान के तहत पुलिस की टुकड़ी ने शस्त्र उल्टे कर शोक प्रकट किया और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सलामी देकर कर्मवीर सिंह को अंतिम विदाई दी। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जानकारी के अनुसार कर्मवीर सिंह 25 नवंबर 1998 को हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। करीब 28 वर्षों की सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी संभाली और पदोन्नति के बाद सब इंस्पेक्टर बने। उनकी पुलिस सेवा का बड़ा हिस्सा अंबाला जिले में रहा और वह करीब दो वर्षों से नग्गल थाना प्रभारी के पद पर तैनात थे।
पुलिस विभाग में उनकी सेवाओं को देखते हुए इसी वर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर उन्हें प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया था। उनकी अचानक हुई मौत के बाद पुलिस विभाग और उनके परिचितों ने शोक व्यक्त किया है।
पुलिस के मुताबिक 29 अगस्त को नग्गल थाने में सरकारी रिवॉल्वर से गोली लगने के बाद कर्मवीर सिंह की मौत हुई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। पुलिस अधीक्षक के अनुसार शुरुआती जांच में हथियार की सफाई के दौरान दुर्घटनावश गोली चलने की बात सामने आई है, लेकिन इसे अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं माना गया है। घटना के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है।
कर्मवीर सिंह तीन भाइयों और दो बहनों में से एक थे। करीब डेढ़ वर्ष पहले उनकी बेटी रवीना की शादी हुई थी। बेटा सागर और बेटी रवीना दोनों कनाडा में रहते हैं। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कर्मवीर सिंह को श्रद्धांजलि दी।



