Kurukshetra News | पिहोवा में ठेकेदार से ₹2 लाख की लूट : बाइक सवार युवकों पर आरोप | CCTV खंगाल रही पुलिस
पिहोवा में गुहला-चीका रोड पर हुडा ग्राउंड के पास मंगलवार देर शाम एक ठेकेदार से दो लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने ठेकेदार से नकदी छीन ली और उसकी बाइक को धक्का मारकर फरार हो गए। घटना में ठेकेदार को चोटें आई हैं।
शास्त्री कॉलोनी निवासी सतपाल सिंह रामगढ़िया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मकान बनाने का ठेकेदार है। मंगलवार देर शाम वह अपने एक मिस्त्री को भुगतान करने के लिए घर से दो लाख रुपये लेकर बाइक पर निकला था।

शिकायत के अनुसार जब सतपाल सिंह गुहला-चीका रोड स्थित हुडा ग्राउंड के पास पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवक उसके पास आए। आरोप है कि युवकों ने उसकी जेब से दो लाख रुपये छीन लिए और उसकी बाइक को धक्का मार दिया।
बाइक का संतुलन बिगड़ने से सतपाल सिंह सड़क पर गिर गया और उसे चोटें आईं। शिकायत के मुताबिक वारदात के बाद तीनों युवक बाइक से स्योंसर जंगल की तरफ चले गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में घटनास्थल किस थाना क्षेत्र में आता है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। बाद में संबंधित क्षेत्र की जानकारी लेने के बाद घटनास्थल सिटी थाना क्षेत्र में पाया गया और पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए CIA की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के साथ वारदात से संबंधित जानकारी जुटा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है।
पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच और आरोपियों की पहचान के बाद मामले से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आ सकेगी।
Editor: शिवानी राजपूत



