Fatehabad News | भाजपा SC मोर्चा ने फूंका कांग्रेस विधायक का पुतला : विधानसभा की घटना पर जताया विरोध | 1984 दंगों के मुद्दे पर विवाद

हरियाणा विधानसभा में 1984 के सिख-विरोधी दंगों का मुद्दा उठाए जाने के दौरान हुए विवाद को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को फतेहाबाद में प्रदर्शन किया। भूना कैंची चौक पर कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल उर्फ भालू का पुतला फूंका गया और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की गई।
भाजपा नेताओं के मुताबिक विधानसभा में कांग्रेस विधायक सरदार जरनैल सिंह वर्ष 1984 के सिख-विरोधी दंगों से संबंधित मुद्दा उठा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने उनके हाथ से पोस्टर छीनकर फेंक दिया। इसी घटना के विरोध में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने प्रदर्शन किया।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया के फतेहाबाद पहुंचने पर भूना कैंची चौक पर कार्यकर्ता एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने विधानसभा में हुई घटना की निंदा करते हुए विधायक इंदुराज नरवाल का पुतला फूंका।
अजय खुंडिया ने कहा कि विधानसभा लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण मंच है और प्रत्येक विधायक को अपनी बात रखने तथा जनता से जुड़े मुद्दे उठाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि सदन में किसी विधायक की बात को इस तरह रोकने का प्रयास लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज अपने सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान के साथ समझौता नहीं करेगा। किसी भी समाज के इतिहास और उससे जुड़े मुद्दों पर सदन में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार सभी जनप्रतिनिधियों को मिलना चाहिए।
प्रदर्शन में मौजूद भाजपा नेताओं ने इस मामले को अनुसूचित जाति और सिख समाज के सम्मान से भी जोड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई विधायक 1984 के सिख-विरोधी दंगों का मुद्दा विधानसभा में उठाता है तो उसे अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधानसभा की घटना पर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया और भाजपा ओबीसी मोर्चा से सुनील सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



