Ambala News | नाबालिग लड़कियों से iPhone 15 स्नैच : पीछा करने पर एक्टिवा को मारी लात | CCTV में कैद वारदात
अंबाला। सिटी के नदी मोहल्ला इलाके में एक्टिवा पर जा रही दो नाबालिग लड़कियों से बाइक सवार युवकों द्वारा iPhone 15 छीनने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वारदात के बाद लड़कियों ने बाइक सवारों का पीछा किया तो उनकी एक्टिवा को लात मार दी गई, जिससे संतुलन बिगड़ने पर दोनों सड़क पर गिर गईं। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दोनों नाबालिग लड़कियां एक्टिवा पर शुकुलकुंड रोड से वापस लौट रही थीं। जब वे गुग्गा माड़ी के पास पहुंचीं तो पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने एक लड़की के हाथ से iPhone 15 छीन लिया। इसके बाद बाइक सवार मीरा चौक की तरफ भागने लगे।

फोन छीने जाने के बाद लड़कियों ने एक्टिवा से बाइक सवारों का पीछा करने की कोशिश की। आरोप है कि जनता फर्नीचर के पास पहुंचने पर बाइक सवार युवकों ने उनकी एक्टिवा को लात मार दी। इससे एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया और दोनों लड़कियां सड़क पर गिर गईं। हादसे में दोनों को चोटें आईं।
घटना के बाद वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति के मोबाइल फोन से लड़कियों के परिवार को सूचना दी गई। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर गए।
वारदात की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि बाइक सवार आरोपियों की पहचान की जा सके।
इस वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों और वारदात में इस्तेमाल बाइक से जुड़ी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की जांच जारी है।
Editor: नितिन यादव



